पृथ्वी के पास अब एक नहीं दो-दो मून? क्या है यह नया मिनी मून?

Mini Moon UPSC

आप सबने अब तक पृथ्वी के पास एक मून है यह तो देखा होगा लेकिन क्या आपको पता है अब पृथ्वी के पास एक नहीं दो-दो मून होने जा रहे हैं। वो भी एक दो दिन के लिये नहीं बल्कि एक महीने से भी अधिक समय के लिये, ऐसा होने जा रहा है। वैज्ञानिकों ने इस नए मून को मिनी मून नाम दिया है तो आइये जानते हैं क्या है यह?

ये भी पढें: यह भी पढ़ें- VisioNxt एप!

मिनी मून क्या है?

हाल ही में किये गए एक नए अध्ययन के अनुसार, पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र सितंबर के अंत में 2024 PT5 नामक एक छोटे क्षुद्रग्रह को अस्थायी रूप से पकड़ लेगा। यह क्षुद्रग्रह अंतरिक्ष में उड़ने से पहले दो महीने तक रहेगा, और चन्द्रमा की भांति पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के प्रभाव में उसकी परिक्रमा करता रहेगा। यही कारण है कि इसे ‘मिनी मून’ कहा जा रहा है। दूसरे शब्दों में कहें तो मिनी-मून ऐसे क्षुद्रग्रह होते हैं जो पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण से बच नहीं पाते और कुछ समय के लिए ग्रह की परिक्रमा करते रहते हैं। वे आम तौर पर बहुत छोटे होते हैं और उन्हें पहचानना मुश्किल होता है।

ये भी पढ़ें: क्या है बायो-राइड योजना?

क्या पहले भी खोजे गए हैं मिनी मून?

द प्लेनेटरी सोसाइटी की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक पृथ्वी के चार मिनी-मून खोजे गए हैं लेकिन उनमें से कोई भी अभी तक पृथ्वी की परिक्रमा नहीं कर रहा है। उदाहरण के लिए,   2022 में NX 1 पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण प्रभाव में आ गया था।

हालांकि कई बार अंतरिक्ष मलबे को भी गलती से मिनी मून समझ लिया जाता है। जैसे कि गैया अंतरिक्ष यान को एक बार मिनीमून समझ लिया गया था, और चांग’ई 2 और लूनर प्रॉस्पेक्टर मिशन के रॉकेट चरण को भी ऐसा ही समझा गया था।

बता दें कि पृथ्वी के लिये यूं तो “मिनी-मून” प्राप्त करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन यह घटना दुर्लभ है। चूंकि ज़्यादातर मामलों में, क्षुद्रग्रह या तो ग्रह से चूक जाते हैं या पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते ही जल जाते हैं। वैज्ञानिकों की एक टीम ने 7 अगस्त को 2024 PT5 की खोज की और इस हाल ही में अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी के जर्नल रिसर्च नोट्स में अपने निष्कर्ष प्रकाशित किये, जिसके बाद से मिनी मून की चर्चा जोरों पर है।

ये भी पढ़ें: रंगीन मछली ऐप!

2024 PT5 के बारे में-

इस क्षुद्रग्रह की खोज NASA द्वारा वित्तपोषित क्षुद्रग्रह स्थलीय-प्रभाव अंतिम चेतावनी प्रणाली (ATLAS) की सहायता से की गई थी। वैज्ञानिकों का मानना है कि पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण से बचने से पहले 29 सितंबर से 25 नवंबर के बीच क्षुद्रगृह 2024 PT5 हमारे ग्रह की एक परिक्रमा पूरी करेगा। हालांकि हमारे ग्रह के इतने करीब से 57 दिनों तक उड़ान भरने के बावजूद, क्षुद्रग्रह को पहचानना मुश्किल होगा क्योंकि यह केवल 33 फीट (10 मीटर) चौड़ा है। ऐसे में यह नंगी आँखों से या सामान्य शौकिया दूरबीनों से दिखाई देने के लिए बहुत छोटा है। हालाँकि, इसे पेशेवर खगोलविदों द्वारा उपयोग की जाने वाली दूरबीनों से देखा जा सकता है।

ये भी पढें: प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान

मिनी मून महत्वपूर्ण क्यों है?

ब्रह्माण्ड के बारे में काफी कुछ जानने के बाद भी, इसके संबंध में मनुष्य का ज्ञान अधूरा ही है। ऐसे में 2024 PT5 के अवलोकन से वैज्ञानिकों को पृथ्वी के करीब से गुजरने वाले क्षुद्रग्रहों और कभी-कभी उससे टकराने वाले क्षुद्रग्रहों के बारे में जानकारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। तो वहीं कई क्षुद्रग्रहों से मूल्यवान खनिज और पानी की प्राप्ति भी हो सकती है, जिसे निकाला जा सकता है और रॉकेट ईंधन जैसे उद्देश्यों के लिए उपयोग किया जा सकता है।


Discover more from UPSC Web

Subscribe to get the latest posts sent to your email.